4 फरवरी को भाजपा से छट्ठू राम और 7 को सपा प्रतिपक्ष नेता रामगोविंद चैधरी करेंगे नामांकन
9 फरवरी को कांग्रेसी गीता गोयल और 10 को बसपा नेता उमाशंकर सिंह दाखिल करेंगे पर्चा

बलियाः यूपी विधानसभा चुनाव के छठवें चरण के तहत बलिया जनपद के सभी सात विधानसभा सीटों पर 3 मार्च को मतदान होना है। 4 फरवरी से यहां नामांकन पत्र दाखिल होगा। इसके तहत अनेक दिग्गज नेताओं द्वारा नामांकन की तिथि पहले से ही तय हो गई है। विभिन्न दलों से टिकट की घोषणा होते ही प्रत्याशियों ने मंदिरों में मत्था टेका और चुनावी रण में जाने से पहले ग्रह नक्षत्र का ख्याल रखते हुए शुभ मुहुर्त भी निकलवाया। इसके तहत बिल्थरारोड से भाजपा के घोषित प्रत्याशी छट्ठू राम 4 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। जबकि बांसडीह से सपा के घोषित प्रत्याशी और नेता प्रतिपक्ष रहे दिग्गज समाजवादी नेता रामगोविंद चैधरी 7 फरवरी को अपना नामांकन पत्र भरेंगे। बिल्थरारोड से ही कांग्रेस से घोषित प्रत्याशी गीता गोयल ने भी नामांकन दाखिल करने का समय 9 फरवरी निर्धारित किया है। जबकि बसपा के विधायक दल के नेता रहे रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह बसपा से 10 फरवरी को अपना पर्चा भरेंगे।




