बिजली विभाग के अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप
बीबीडी संचालक ने एसडीएम को सौंपा, तीन दिन में कार्रवाई का मिला भरोसा

बलियाः बेल्थरारोड नगर के बीबीडी संचालक प्रवीण नारायण गुप्ता ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया और एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता को ज्ञापन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। प्रवीण नारायण गुप्ता ने विद्युत विभाग के जेई अवधेश कुमार एवं एसडीओ राजेन्द्र कुमार पर विद्युत चोरी के आरोप में फंसाने का भय दिखाकर ढाई लाख रुपए की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही रिश्वत मांगने के आरोप संबंधित साक्ष्य के लिए विडियो आडियो देने का भी दावा किया। एसडीएम ने मामले की तीन दिन में जांचकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

विभागीय अधिकारियों ने आरोप को बताया बेबुनियाद
बिजली विभाग के अधिकारियों पर रिश्वत मांगने के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए जेई अवधेश कुमार ने बताया कि आरोप लगाने वाले पर विद्युती चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। जिसके कारण गलत आरोप लगाएं जा रहे है और कार्रवाई से बचने के लिए अधिकारियों पर दबाव डाला जा रहा है।

दो माह से हो रहा था जले विद्युत मीटर को बदलने का इंतजार, विभाग ने लगा दिया चोरी का आरोप
बीबीडी संचालक प्रवीण नारायण गुप्ता के अनुसार दो माह से बाजार में लगा विद्युत मीटर शार्ट सर्किट से जल गया था। जिसकी यूपीपीसीएल साइट पर पिछले 17 अप्रैल को ही मीटर जलने की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा दिया था और विद्युत मीटर बदलने का इंतजार किया जा रहा था किंतु विभागीय अधिकारियों ने उनकी इस शिकायत के निस्तारण के बजाएं उन पर विद्युत चोरी का ही आरोप लगा दिया। विगत 25 जून को बिजली विभाग के अधिकारी बीबीडी मार्केट में बिजली चेकिंग करने आए और पहले से चल रहे दो कनेक्शनों में एक कनेक्शन का मीटर जल जाने के कारण मौके पर मीटर के न होने से बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देने लगे। विभागीय अधिकारियों ने फर्जी चोरी का मुकदमा करने की धमकी देकर ढाई लाख रुपया की मांग भी की। पूरे प्रकरण में लेन देन के लिए विभाग की तरफ से उनके सहयोगी सोनू यादव को आगे किया गया। पूरे प्रकरण की आडियो विडियो फूटेज बतौर साक्ष्य मौजूद भी है।




