पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर आंदोलन करेगा इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन
गोरखपुर बैठक में बनी रणनीति








पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर आंदोलन करेगा इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, गोरखपुर बैठक में बनी रणनीति
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय, गाजी रौजा तिराहा स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और संगठन विस्तार को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय संगठन सचिव अखिलेश्वर धर द्विवेदी ने किया।
बैठक में पत्रकारों के साथ बढ़ रही उत्पीड़न की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को लेकर संगठन आंदोलन करेगा तथा प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संगठन ने नए सत्र के सदस्यता अभियान को तेज करने का भी फैसला लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़कर उनकी आवाज को मजबूत मंच दिया जाएगा, क्योंकि मजबूत संगठन ही पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा कर सकता है।
बैठक में पत्रकारों के समक्ष आने वाली प्रमुख समस्याओं— सुरक्षा की कमी, निष्पक्ष कार्य वातावरण का अभाव, प्रशासनिक सहयोग में कमी और कानूनी संरक्षण की आवश्यकता— पर विस्तार से चर्चा की गई। इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा लखनऊ में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान समारोह एवं महाधिवेशन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। आयोजन को भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन और जिम्मेदारियों के निर्धारण पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी स्वतंत्रता, निष्पक्षता व गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष रफी अहमद, जिला सचिव सतीश चंद्र, मोहम्मद आजम, सुनील मणि त्रिपाठी, नवेद आलम, जुबेर आलम, डा. अतीक अहमद, अंशुल वर्मा, मोहम्मद अहमद खान सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।



