
बलिया: जनपद बलिया के बेल्थरारोड की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भगवान भरोसे हो गई है। यहां रविवार को हल्की बारिश से पूरी रात बिजली गुल हो गई। हल्की हवा के साथ रविवार को क्षेत्र में इस वर्षात की पहली बारिश हुई। लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली लेकिन हल्की बारिश के बहाने विभाग ने पूरी रात बिजली ही गुल कर दी। आधी रात के बाद बारिश थमी तो लोग फिर से उमस और गर्मी से बेहाल हो गए। जबकि विभागीय अधिकारी रात में मुख्य सप्लाई कट का बहाना बना कर आराम से खर्राटे भरते रहे। दरअसल रात में फाल्ट से बचने के लिए अक्सर यहां विभाग विद्युत आपूर्ति ही ठप कर देता है। ताकि रात में उन्हें लोकल फाल्ट दुरुस्त करने के लिए रतजग्गा न करना पड़े।

बेल्थरारोड के पावर ग्रिड से कई प्रदेश होते है रोशन
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी के गृह क्षेत्र बेल्थरारोड के इब्राहिमपट्टी में ही एशिया का दूसरा सबसे बड़ा पावर ग्रिड संचालित होता है। जिससे देश के कई राज्यों तक बिजली जाती हैं और दर्जन भर प्रांत रोशन होते है। लेकिन यहां दीय तले अंधियारा की कहावत चरितार्थ होती है। पावर ग्रिड की बिजली यहां तो मिलती ही नहीं है। कई राज्य को रोशन करने वाले क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति बहाल रहने को लेकर शासनप्रशासन से कोई विशेष प्राथमिकता भी नही मिलती।




