लोकसभा उपचुनावः निरहुआ को जिताने आजमगढ़ पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ
21 वर्ष के जवान जब यूनिफार्म में घर लौटेंगे तो होगा गर्वः सीएम

आजमगढ़ः यूपी के आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ के पक्ष में चुनावी प्रचार के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ पहुंचे तो पूरे क्षेत्र भगवामय हो गया। सीएम ने कहा कि अग्निपथ योजना की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है लेकिन यूपी में राजनीति हो रहा है। इसके तहत डेढ़ वर्ष के अंदर पांच लाख युवाओं को नौकरी मिलेगी और जब 21 वर्ष में जवान अपने यूनिफार्म में घर लौटेंगे तो पूरे क्षेत्र को गर्व होगा। कहा कि अग्निवीर के लिए पैरामिलिट्री, असम रायफल्स, सीआरपीएफ में आरक्षण दिया जायेगा।

सीएम के आने से चढ़ा सियासी पारा
आजमगढ़ में सीएम के चुनावी जनसभा से यहां की सियासी पारा चढ़ सा गया है। चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए रविवार को पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला। अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे विरोध को लेकर विरोधियों पर भी बरसे।

सैफई परिवार से प्रदेश को भगवान बचाएं
आजमगढ़ के चक्रपानपुर क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सैफई परिवार से प्रदेश को भगवान बचाए। उन्होंने जनता से पूछा कि 2017 के पहले यूपी के क्या हालात थे। सपा और बसपा सरकार में यूपी का बुरा हाल हुआ। आज जब विकास के कार्य होते हैं तो इन्हें दिक्कत हो रही है। सीएम योगी ने कहा कि सपा और बसपा विकास कार्यों में राहू और केतु जैसे क्रूर ग्रह हैं। ये कभी नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश का विकास हो। जब इनके हाथ में सत्ता थी तो इन्होंने खुद का विकास किया। इनसे जितना दूर रहेंगे, उतना ही विकास हो सकेगा।

आजमगढ़ नहीं बनेगा आतंकवाद का गढ़
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आजमगढ़ को आतंकवाद का गढ़ नहीं बनने देना है। आज आजमगढ़ में अपराध पर नियंत्रण हुआ है। कहा कि मां-बहन और बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। जिन्होंने भी कानून के अपने हाथ में लिया उसके खिलाफ प्रशासन सख्त से सख्त कार्रवाई कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि मुझे तो लग रहा था कि विधायक बनने के बाद भी अखिलेश यादव आजमगढ़ को नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि संकट के समय में आजमगढ़ ने उनका साथ दिया था लेकिन उन्होंने धोखा दिया। वो अखिलेश ही थे, जिन्होंने कोविड टीका को मोदी का टीका बोला था। उन्हें जनता की फिक्र नहीं है। आजमगढ़ की जनता को इस बात को याद रखना है। सीएम योगी ने कई सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सबसे बढ़िया फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ को जिताने की अपील की। कहा कि विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी। भाजपा को जिताने की जिम्मेदारी आपकी। 23 जून को पहले मतदान फिर जलपान।




