
बलिया: सरयू किनारे बेल्थरारोड के अधिकांश हिस्सों से सफेद बालू के साथ अब मिट्टी का खनन भी तेजी से किया जा रहा है। जबकि प्रशासनिक अमला मौन है। तहसील क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा और आसपास के तटवर्ती इलाकों में अवैध तरीके से मिट्टी खनन किया जा रहा है। तुर्तीपार-हाहानाला बंधा किनारे चैनपुर गुलौरा में कब्रिस्तान के समीप से मिट्टी खनन होने से बंधा पूरी तरह से जर्जर हो गया और नदी में बहाव तेज होने पर बंधा के टूटने का खतरा बढ़ गया है। इसको लेकर तटवर्ती ग्रामवासियों में दहशत व्याप्त हो गया है।

खनन माफियाओं द्वारा बंधा किनारे से मिट्टी खनन का खेल रोजाना बेखौफ जारी है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे मिट्टी खनन से कटान और टीएस बंधा के टूटने और कृषि योग्य भूमि को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका गहरा गई है। चैनपुर गुलौरा-मठिया, शिव स्थान, खैरा समेत कई स्थानों से अवैध तरीके से सफेद बालू भी निकाला जा रहा है। रात के अंधेरे मेें हर रोज सैकड़ों की संख्या में डंफर और ट्रैक्टर ट्राली इस टीएस बंधा के रास्ते बालू और मिट्टी लेकर निकल रहे है। तहसीलदार ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि अवैध खनन के मामले की जांच की जाएगी तथा खनन करने वालों पर सख्त करवाई होगी।



