विधायक हंसू राम ने बेल्थरारोड आवास पर सुनी फरियाद
आजमगढ़ उपचुनाव में किया जीत का दावा, बीजेपी सरकार में है इमरजेंसी जैसे है हालात

बलियाः जनपद बलिया में बेल्थरारोड के सुभासपा विधायक हंसू राम ने अपने क्षेत्रीय आवास पर शनिवार को आमजन की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर निराकरण के निर्देश दिए। कई लोगों ने सड़क निर्माण के लिए ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान विधायक हंसू राम ने आजमगढ़ लोकसभा के उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के जीत का दावा किया। साथ ही वर्तमान बीजेपी सरकार के कार्यकाल को इमरजेंसी जैसे हालात से तुलना की। उन्होने कहा कि लोकतंत्र और संविधान दोनों ही आज खतरे में है। ऐसे में बीजेपी को 1975 के आपातकाल को लेकर काला दिवस मनाने का कोई हक नहीं है।

आपातकाल को लेकर भाजपा को काला दिवस मनाने का नहीं है हक
बेल्थरारोड के सुभासपा विधायक हंसू राम ने कहा कि लोकतंत्र में आज किसी को सच बोलने की आजादी नहीं रह गई है। सच बोलने वालों के इतिहास खंगाले जा रहे है और परेशान किया जा रहा है। लोकतंत्र और संविधान दोनों ही आज खतरे में है। ऐसे में बीजेपी को 1975 के आपातकाल को लेकर काला दिवस मनाने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को देश में कांग्रेस सरकार द्वारा लगाया गया आपातकाल लोकतंत्र के लिए दुखद था। जिनका हम कभी समर्थन नहीं करते है। लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार में चल रहे अघोषित इमरजेंसी के हालात भी दुखद है। किसी को सही बोलने की आजादी नहीं रह गई है। बुल और बुल्डोजर की सरकार में लोकतंत्र पर सीधे कुठाराघात हो रहा है। आज संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। अपनी बात कहने वालों को घेरा जा रहा है। पुराने रिकार्ड खंगाले जा रहे है और उन्हें परेशान किया जा रहा है।

आजमगढ़ सपा का गढ़ था और रहेगा
विधायक हंसू राम ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के जीत का दावा किया। विधायक ने कहा कि आजमगढ़ सपा का गढ़ रहा है और रहेगा। भाजपा सिर्फ सत्ता के मद में है। यह चुनाव जनता का है और जनता इस सरकार से त्रस्त है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह, संजय यादव, मो शिब्बू, शिव कुमार राजभर, हरेंद्र राजभर, पन्नालाल राजभर, बनारसी भारती समेत अनेक लोग मौजूद रहे।




