तिरंगा यात्रा में चोरी की बुलेट पर निकले नरही थानाध्यक्ष, फोटो हुआ वायरल
बुलेट मालिक के दावा के बाद चुपके से पुलिस ने नगरा थाना पहुंचाई बुलेट

बलियाः जनपद बलिया के नगरा थाना के पालचंद्रहा निवासी सपा नेता की चोरी हुई बुलेट पर नरही थानाध्यक्ष की सवारी किए जाने की फोटो के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। 18 माह पूर्व नगरा थाना क्षेत्र से बुलेट चोरी हुई और पिछले दिनों उसी बुलेट पर सवार होकर नरही थानाध्यक्ष तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। जिसका फोटो वायरल हुआ तो बुलेट मालिक ने इस पर अपना दावा किया। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कुछ ही घंटों में संदिग्ध बुलेट नरही थाना से नगरा थाना पहुंचा दी गई। इस मामले में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। जबकि बुलेट पर मालिकाना हक का दावा करने वाला सपा नेता ओमप्रकाश यादव ने बताया कि उसकी बुलेट से नंबर प्लेट हटाकर पुलिस लिखी हुई प्लेट लगा दी गई है। जिससे पुलिस की भूमिका पर तरह तरह की उंगली उठने लगी है।

नरही थाने का एक सिपाही हुआ सस्पेंड
नगरा थाना क्षेत्र से चोरी हुई बुलेट पर नरही थानाध्यक्ष की सवारी मामले में बलिया एसपी ने सीधे एक्शन लिया है। मामले में नरही थाना के एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है और कई अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की तलवार फिलहाल लटक रही है। सिपाही के सस्पेंड किए जाने की जानकारी पुलिस ने ट्विट कर दिया है। चोरी की बाइक बुधवार की सुबह तक नगरा थाना परिसर में ही खड़ी रही। नगरा थाना के पालचंद्राहा गांव निवासी बुलेट मालिक सपा नेता ओमप्रकाश यादव ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े है। इधर बुधवार को पूरे प्रकरण में नरही थानाध्यक्ष द्वारा चोरी के बुलेट पर तिरंगा यात्रा में शामिल होने का विडियो भी वायरल हो गया। जबकि इसके पूर्व तक सिर्फ संबंधित फोटो ही वायरल हुआ था।




