
बलियाः जनपद बलिया के सातों विधानसभा सीट पर 3 मार्च को मतदान होना है। चुनाव प्रचार अपने सबाब पर है। मतदान की तिथि ज्यों ज्यों नजदीक हो रही है, प्रचार को लेकर प्रत्याशियों की रफ्तार भी बढ़ गई है। जनपद के सातों विधानसभा सीटों पर अलग-अलग राजनीतिक समीकरण देखने को मिल रहा है। जनपद के एकलौते सुरक्षित विधानसभा सीट बेल्थरारोड में भाजपा से छट्ठू राम मैदान में है। जबकि बसपा से प्रवीण प्रकाश ताल ठोंक रहे है। सपा गठबंधन से सुभासपा प्रत्याशी हंसू राम भी पूरी ताकत झोंक चुके है। कांग्रेस ने गीता गोयल को महिला प्रत्याशी के रुप में पहली बार चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि मतदाता पूरी तरह से खामोश है। भाजपा, बसपा, सपा गठबंधन और कांग्रेस के अलावा बेल्थरारोड में सीमोन प्रकाश, अखिलेश कुमार, कुंदन कन्नौजिया, रामलाल, सोशीला देवी, बिकाऊ, गंगा, निर्भय और गोपाल समेत कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रहे है। 3 मार्च को जनमत के लिए वोट ईवीएम में कैद हो जायेगा और 10 मार्च को तय हो जायेगा कि यहां अगला विधायक कौन होगा। बेल्थरारोड में फिलहाल भाजपा और बसपा के बीच सीधी लड़ाई की प्रबल संभावना बन गई है।

स्थानीय-बाहरी का चल रहा खेल, नेता बनाम बेटा का नारा कर रहे बुलंद
बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में बाहरी और स्थानीय प्रत्याशी का जुमला तेजी से ट्रेंड कर रहा है। बसपा प्रत्याशी प्रवीण प्रकाश बेल्थरारोड के उसकर गजीयापुर गांव के मूल निवासी है। जो खुल को एकलौते स्थानीय प्रत्याशी बताकर नेता बनाम बेटा की जंग छेड़ चुके है। इन्हें स्थानीय प्रत्याशी होने के कारण जनता उन्नति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश चैहान ने अपना समर्थन भी दिया है। जबकि प्रमुख दल भाजपा ने छट्ठू राम को अपना प्रत्याशी बनाया है जो सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी है। किंतु छट्ठू राम अपने प्रतिद्वंदी को ही बाहरी बता रहे है। वे पिछले एक दशक से जनता के बीच रहकर पूरी तरह से बेल्थरारोड की जनता का आशिर्वाद मिलने का दावा कर रहे है। जबकि सपा गठबंधन के सुभासपा प्रत्याशी हंसू राम गोरखपुर के मूल निवासी है। किंतु वे भी बेल्थरारोड से अपना लगाव होने का दावा कर रहे है।
भाजपा ने सीटिंग विधायक का काटा टिकट, भाजपा-बसपा के बीच सीधी जंग के आसार
जनपद बलिया के एकलौते सुरक्षित विधानसभा सीट बेल्थरारोड पर 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज किया था। बीजेपी के धनंजय कन्नौजिया को कुल 77504 वोट मिले थे। जबकि सपा के गोरख पासवान को 59185 वोट मिले। भाजपा ने यहां 18309 वोट से शानदार जीत दर्ज किया। जबकि बसपा के घूरा राम 47297 वोट पाकर तीसरे नंबर पर अटक गए। किंतु 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनावी रणभूमी का पूरा परिदृश्य ही बदल गया है। भाजपा ने अपने सीटिंग विधायक धनंजय कन्नौजिया का टिकट काट बसपा के दिग्गज नेता रहे छट्ठू राम को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं सपा ने अपने इस सीट को गठबंधन के सहयोगी दल सुभासपा के खाते में डाल दिया है। यहां सुभासपा से हंसू राम पहली बार चुनाव मैदान में है। जबकि भाजपा से टिकट न मिलने पर प्रवीण प्रकाश इस बार बसपा से चुनाव मैदान में है। भाजपा और बसपा के प्रत्याशी 2012 के चुनाव मैदान में भी आमने सामने थे। उन दिनों छट्ठू राम बसपा से और प्रवीण प्रकाश सुभासपा से चुनाव लड़ चुके है। दोनों ही बेल्थरारोड में क्रमश दूसरे और तीसरे नंबर पर थे और इस बार दोनों दिग्गजों के बीच नं. वन बनने की होड़ लगी है। सुभासपा के हंसू राम क्षेत्र में सपा पदाधिकारियों के साथ ही जनता के संपर्क में है किंतु उन्हें तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सपा के पारंपरागत वोटों में भी बसपा सेंध लगाने में लगी है। जबकि सपा-सुभासपा गठबंधन डैमेज कंट्रोल में जान फूंक रहे है। ऐसे में यहां फिलहाल भाजपा और बसपा के बीच सीधी लड़ाई की प्रबल संभावना बन गई है।
बोले प्रत्याशी —-

बेल्थरारोड के विकास के लिए करने को बहुत कुछ है। स्वास्थ्य सुविधा को यहां प्राथमिकता के आधार पर बेहतर किया जायेगा ताकि किसी भी गरीब को इलाज के लिए गैर जनपद न जाना पड़े।- छट्ठू राम, भाजपा प्रत्याशी

पिछले दस साल में सपा और भाजपा ने विकास का कोई बड़ा कार्य नहीं किया है। यहां के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जायेगा। हर गांव और शहर में प्रकाश की समुचित व्यवस्था होगी। बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगा।- प्रवीण प्रकाश, बसपा प्रत्याशी

विकास के मामले में नं. वन होगा बेल्थरारोड। कहने से ज्यादा हम काम करने में भरोसा रखते है। वादा नहीं, काम बोलेगा। – हंसू राम, सुभासपा प्रत्याशी

नारी उत्थान के लिए विशेष कार्य होगा। नारी सुरक्षा और महिला स्वावलंबन को लेकर अनेक योजनाओं से हर घर की महिलाओं को जोड़ा जायेगा।- गीता गोयल, कांग्रेस प्रत्याशी
बिल्थरारोड (सु.) विधानसभा क्षेत्र में कुल वोटर- 353776
पुरुष वोटर- 191845, महिला वोटर- 161919, अन्य- 12
मतदान स्थल- 420, मतदान केंद्र 229
बिल्थरारोड (सु.) विधानसभा क्षेत्र में एससी (दलित)- 25 फीसदी
पिछड़ा वर्ग (यादव/राजभर/वैश्य/मौर्या)- 40 फीसदी
सामान्य- 10 से 12 फीसदी
मुसलमान- 9 से 10 फीसदी
बिल्थरारोड (सु.) विधानसभा क्षेत्र में 2017 का चुनाव परिणाम
01- धनंजय कन्नौजिया, भाजपा- 77504 वोट मिले (18309 वोट से जीते )
02- गोरख पासवान, सपा- 59185 वोट मिले
03- घूरा राम, बसपा- 47297



