
बलियाः जनपद बलिया के बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र अंतर्गत कुंडैल ढाला से बासपार बहोरवां की जर्जर सड़क की सूरत पिछले डेढ़ दशक से जस की तस है। सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे और सड़क की उखड़ी गिट्टियां ही यहां की पहचान है। बारिश में इस सड़क पर गड्ढे झील बन जाते है। महज एक किलोमीटर लंबे सड़क में एक दो नहीं बल्कि 50 से अधिक बड़े बड़े पानी भरे गड्ढों से होकर गुजरना किसी जंग जीतने से कम नहीं है और यह जंग इस मार्ग के आसपास बसने वाले गांव के सैकड़ों ग्रामिणों को जीतना होता है। अक्सर अधिकांश लोग गिरकर जख्मी भी होते है लेकिन इससे शासन प्रशासन को शायद कोई लेना देना नहीं है। तभी तो जिम्मेदार विभागीय अधिकारी बेपरवाह बने हुए है। सरकार के गड्ढामुक्त सड़क का दावा यहां पूरी तरह से फेल है।

शाहिद समाजवाद की पहल पर निरीक्षण को पहुंचे नायब तहसीलदार
सपा नेता की पहल के बाद एसडीएम राजेश गुप्ता के निर्देश पर बुधवार को नायब तहसीलदार दीपक सिंह ने बांसपार बहोरवा मार्ग की जर्जर सड़क का निरीक्षण किया। सपा नेता शाहिद समाजवाद ने नायब तहसीलदार को जर्जर सड़क से हो रही परेशानी से अवगत कराया और सड़क के निर्माण की मांग की। नायब तहसीलदार दीपक सिंह ने सड़क का स्वयं मुआयना किया और बारिश के पानी से झील बनी सड़क के हालत पर अफसोस जताया। करीब एक किलोमीटर लंबे इस सड़क पर नायब तहसीलदार ने कई जगह सड़क पर उतरकर पैदल ही चले। जिससे ग्रामिणों में सड़क के बदहाली से निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। वर्तमान में यहां सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने से आवागमन काफी दूभर हो गया है।




