2022 के विधानसभा चुनाव में बेल्थरारोड से वर्तमान और पूर्व दोनों विधायक हुए आउट
भाजपा ने सीटिंग विधायक को दिया रेस्ट तो सपा की तरफ से सुभासपा प्रत्याशी देंगे चुनावी टेस्ट

बलियाः जनपद बलिया के एकलौते सुरक्षित विधानसभा सीट बेल्थरारोड से वर्तमान और पूर्व दोनों विधायक 2022 के विधानसभा चुनाव से आउट हो गए है। भाजपा ने सीटिंग विधायक धनंजय कन्नौजिया को रेस्ट दे दिया तो सपा की तरफ से सुभासपा प्रत्याशी हंसू राम यहां चुनावी टेस्ट देंगे। भाजपा ने बेल्थरारोड सुरक्षित विधानसभा सीट से सीटिंग विधायक धनंजय कन्नौजिया का टिकट काटा तो सबकि निगाहें सपा पर टिकी थी। पूर्व विधायक गोरख पासवान के साथ दावेदारों की लंबी लिस्ट के बावजूद सपा ने यहां की सीट इस बार सुभासपा के खाते में डाल दी तो सपा से पूर्व विधायक गोरख पासवान को भी तगड़ा झटका लगा है। बेल्थरारोड विधानसभा सीट के सुरक्षित होने के बाद अब तक यहां से दो ही विधायक हुए है। 2012 में सपा से गोरख पासवान और 2017 में धनंजय कन्नौजिया। दोनों ने पांच वर्ष तक 2022 के लिए जनता के बीच जाने की तैयारी भी कर रखी थी किंतु दोनों निवर्तमान और पूर्व विधायक के मंसूबे पर उनके पार्टी ने ही पानी फेर दिया। भाजपा से छट्ठू राम को मौका मिला तो निवर्तमान विधायक धनंजय कन्नौजिया की राजनीतिक गतिविधियों पर यहां पूरी तरह से ब्रेक सा लग गया। अब तक वे भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में नहीं दिखे है। यहां तक कि उनका फेसबुक एकाउंट भी शांत हो गया। इधर सपा से मौका नहीं मिलने पर पूर्व विधायक गोरख पासवान के समर्थकों की गोलबंदी शुरु हो गई है।

10 फरवरी को जुटेंगे गोरख पासवान के समर्थक
बेल्थरारोड सुरक्षित सीट पर सपा गठबंधन के सुभासपा से हंसू राम के प्रत्याशी उतारने के बाद पूर्व विधायक गोरख पासवान में जबरदस्त खलबली मची हुई है। यहां अब बाहरी और स्थानीय की बात भी कही जाने लगी है। इधर पूर्व विधायक गोरख पासवान ने गुरुवार को बिल्थरारोड में अपने समर्थकों की एक विशेष बैठक बुलाई है। जिसके बाद ही पूर्व विधायक गोरख पासवान अपने राजनीतिक रणनीति को लेकर चुप्पी तोडेंगे। संभव है कि गुरुवार को सपा यहां दो खेमों में स्पष्ट दिखे।




