लिफ्ट देकर जहरखुरानों ने पिलाया कोल्डड्रिंक, पति-पत्नी से लाखों की लूट
सड़क किनारे सुलाकर भागे बदमाश, स्थिति नाजुक

बलियाः पत्नी का इलाज करा वापस आ रहे रोडवेजकर्मी को लिफ्ट देकर बदमाशों ने जहरखुरानी का शिकार बना लिया और लाखों के गहने लूटने के बाद बदमाश गुरुवार की रात सात बजे के आसपास बेल्थरारोड के बभनियांव गांव के पास सड़क किनारे सुलाकर भाग निकले। पति-पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। जिनका मऊ अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहरखुरानी के शिकार गौतम उर्फ गोरख (51) और उनकी पत्नी आशा देवी (48) दोनों ही घटना के करीब 24 घंटे बाद तक अचेतावस्था में है। जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बेल्थरारोड रोडवेज के सुपरवाइजर है पीड़ित उभांव निवासी गौतम
उभांव थाना के पतनारी गांव निवासी गौतम उर्फ गोरख बेल्थरारोड रोडवेज पर ही स्टोरकीपर पद पर तैनात है। जो अपनी पत्नी आशा देवी का हर्ट और बीपी का इलाज कराने आजमगढ़ गए थे। जहां से वह वापस आ रहे थे। दोहरीघाट में वे बस के इंतजार में रोडवेज पर खड़े थे। इस बीच कुछ बोलेरो सवार युवकों ने बेल्थरारोड निवासी बताकर जान पहचान बढ़ाया और बेल्थरारोड साथ चलने के लिए लिफ्ट दिया। रास्ते में युवकों ने कोल्डड्रिंक पिलाया। जिसके बाद से ही वे नशे में सो गए।
लिफ्ट लेकर मधुबन तक पहुंचने की मोबाइल फोन से परिजनों को दिया था सूचना
परिजनों ने बताया कि देर शाम मधुबन तक लिफ्ट लेकर आने की जानकारी उन्होंने खुद ही दिया था। जिसके बाद देर शाम तक उनका पता नहीं चला। बाद में बभनियांव गांव के पास सड़क किनारे उनके पड़े होने की सूचना पर परिजन पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सीयर सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार उनके गले की दो सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, दो मोबाइल, नगदी और बैग गायब है।

शहीद संजीव के पिता है जहरखुरानी पीड़ित
जहरखुरानी पीड़ित गौतम उर्फ गोरख 2013 में शहीद हुए संजीव के पिता है। 2013 में उत्तराखं डमें आए भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत कार्य में हेलीकाप्टर दुर्घटना में संजीव की मौत हो गई थी। वे एनडीआरएफ के जाबांज जवान थे।






