विशुनपुरा चैनपुर गांव में 7वीं सालगिरह पर पत्नी को जलाकर मारने का प्रयास
उभांव थाना में पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बलियाः जनपद बलिया के उभांव थाना के विशुनपुरा चैनपुर गांव में पत्नी को सातवें सालगिरह के दिन जलाकर मारने का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि पड़ोसियों के बीचबचाव के बाद विवाहिता को बचा लिया गया। पीड़िता कंचन देवी के अनुसार दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दूसरी शादी करने की नियत से उसके पति संतोष यादव, सास बाची, ससुर हंसनाथ यादव और ननद मंशा ने मिलकर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। मामले में उभांव थाना पुलिस ने बलिया न्यायालय के निर्देश पर आज भादवि की धारा 498 ए, 323, 504, 506 और दहेज उत्पीड़न 3 एवं 4 के तहत पति समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जिसके बाद से ही आरोपी परिजन फरार बताएं जा रहे है। पीड़िता ने पति पर दहेज के लिए किसी अन्य लड़की को भगाकर उत्तराखंड ले जाने और दूसरी शादी की तैयारी करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की शादी 15 मई 2015 को हुई थी और ससुरालवालों ने 15 मई 2022 को ही उसे जलाकर मारने का प्रयास किया है।



