बेल्थरारोड के बबलू फौजी बने हेड कांस्टेबल
सोनौली बॉर्डर पर वरिष्ठ आरक्षी सम्मान समारोह






सोनौली बॉर्डर पर वरिष्ठ आरक्षी सम्मान समारोह, बेल्थरारोड के बबलू फौजी बने हेड कांस्टेबल
बलिया/महराजगंज: 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), महराजगंज द्वारा सोनौली नेपाल सीमा पर वरिष्ठ आरक्षी सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक के कुशल मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह के दौरान सशस्त्र सीमा बल में 10 वर्षों की निष्ठापूर्ण, अनुशासित एवं सराहनीय सेवा पूर्ण करने वाले आरक्षी कार्मिकों को वरिष्ठ आरक्षी प्रतीक चिन्ह (Chevron) विधिवत रूप से लगाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके अथक परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा एवं बल के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। इसी क्रम में बेल्थरारोड क्षेत्र के मूल निवासी बबलू फौजी को भी कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। सोनौली नेपाल बॉर्डर पर तैनाती के दौरान अधिकारियों द्वारा उनके कंधे पर वरिष्ठ आरक्षी प्रतीक चिन्ह लगाकर औपचारिक रूप से प्रमोशन दिया गया।
असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बल के मनोबल को सुदृढ़ करते हैं और जवानों में कर्तव्य के प्रति नई ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही सभी कार्मिकों को निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ राष्ट्र सेवा में समर्पित रहने का संदेश दिया। मंगलवार शाम जैसे ही बबलू फौजी के पदोन्नति की सूचना बेल्थरारोड क्षेत्र में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। समारोह में समवाय के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, गौरव एवं प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।





