अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, विरोध पर तीन हिरासत में
अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, विरोध पर तीन हिरासत में
खलिहान की भूमि पर बने घर को प्रशासन ने गिराया






बलिया: जनपद बलिया के बेल्थरारोड तहसील अंतर्गत उभांव थाना के तुर्तीपार गांव में भी खलिहान की भूमि पर निर्मित अवैध भवन पर प्रशासन का बुलडोजर चला। जिससे गांव में अवैध कब्जाधारकों में खलबली मच गई। पुलिस बल की मौजूदगी में नायब तहसीलदार अनिल कुमार यादव ने मिंटू, सिंटू एवं अभय यादव के अवैध मकान को सख्ती के साथ गिरवा दिया। हालांकि मौके पर परिजनों ने अधिकारियों के कार्रवाई का जमकर विरोध किया और कार्रवाई को एकपक्षीय बताया। जिसके कारण बढ़ते तनाव को देखते हुए नायब तहसीलदार के निर्देश पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और उभांव थाना ले गई।
प्रशासन के इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के दो विशेष वर्ग में जबरदस्त तनाव व्याप्त हो गया और गोलबंदी शुरू हो गई है।
नायब तहसीलदार अनिल कुमार यादव ने बताया कि गांव के खलिहान की करीब 0.024 हेक्टेयर यानी करीब 6 डिसमिल की भूमि पर कब्जाधारकों द्वारा पक्की दीवार पर टीनशेड और झोपडी डालकर अतिक्रमण किया गया था। जिसमें कई कमरे बने थे और मवेशी भी बंधे थे। जिसे प्रशासन ने सख्ती से हटा कर पक्का अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार अनिल कुमार यादव के साथ राजस्व निरीक्षक विक्रम बहादुर सिंह, लेखपाल राहुल शुक्ला, उपेंद्र कुमार साह, सत्यानंद यादव समेत पुलिस बल मौजूद रहा।


