2024 तक बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर होगा डबल लाइन और मालगोदाम का निर्माण
खत्म हो जायेगा डीएवी रेल ढाला, कुण्डैल से मधुबन तक होगी रेलवे की सड़क कनेक्टेविटी

वाराणसी: रेल मंडल वाराणसी के बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर तेजी से निर्माण कार्य जारी है और मार्च 2024 तक रेलवे स्टेशन का नजारा काफी हद तक बदल जायेगा। बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर डबल लाइन और मालगोदाम का निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। जिससे बिल्थरारोड के कारोबार को नया रफ्तार मिलेगा। लासा के इंजीनियर विनय कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन से सटा डीएवी रेल क्रासिंग पूरी तरह समाप्त हो जायेगा और कुण्डैल से मधुबन रेल क्रासिंग तक रेलवे की सड़क कनेक्टेविटी दी जायेगी। बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म सं. दो पहले से और बड़ा किया जायेगा और प्लेटफार्म सं. दो और तीन नंबर प्लेटफार्म की सुविधा शुरु हो जायेगी। साथ ही चैथी रेल लाइन मालगोदाम के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए 15 मीटर चैड़ा और 700 मीटर लंबा रैक हैंडलिंग प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के पुराने फुट ओवर ब्रिज की जगह जीआरपी के पास से नया और बड़ा फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा। प्लेटफार्म संख्या दो और तीन के लिए नया शौचालय और वाटर बूथ का भी निर्माण किया जायेगा। बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन से सटे कुण्डैल ढाला की तरफ मशीनरी साइटिंग प्लेटफार्म का भी निर्माण होगा। जो केबिन संख्या 17 के पास पांच मीटर चैड़ा और 330 मीटर लंबा होगा। किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन और पिकोल रेलवे स्टेशन पर भी निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बिल्थरारोड में रैक हैंडलिंग प्लेटफार्म के साथ ही करीब 330 मीटर लंबा मशीरनरी साइटिंग प्लेटफार्म भी बनेगा। जो यहां के एलसी 17 के पास होगा। भटनी से औड़िहार रेलवे स्टेशन के बीच करीब 12 सौ करोड़ रुपए की परियोजना के तहत यहां निर्माण कार्य किया जा रहा है।

आठ रेलवे स्टेशन पर हो रहा कार्य, बनेंगे पांच ओवरब्रीज
रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा सीपीएम थ्री के तहत हो रहे निर्माण कार्य के अंतर्गत करीब 12 सौ करोड़ की परियोजना मार्च 2024 तक पूरी कर ली जायेगी। इसके तहत भटनी-इंदारा रेलखंड पर करीब 59 किलोमीटर के बीच आठ रेलवे स्टेशन पिकोल, सलेमपुर, लार रोड, तुर्तीपार, बिल्थरारोड, गोविंदपुर, किड़िहरापुर, चकरा और इंदारा रेलवे स्टेशन और रेलवे हाल्ट पर तेजी से निर्माण कार्य जारी है। इसके तहत पिकोल, सलेमपुर, लार रोड, बिल्थरारोड और किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन पर कुल पांच फुट ओवरब्रिज और रैंप ओवरब्रिज बनना है।

भटनी-इंदारा के बीच सात रेल केबिन होंगे शिफ्ट, बिल्थरारोड में एक का अस्तित्व होगा खत्म
भटनी-इंदारा रेलवे स्टेशन के बीच कुल सात रेल केबिन और रेल क्रासिंग फाटक को शिफ्ट किया जायेगा। जो वर्तमान मूल स्थान से थोड़ी दूरी पर निर्माण होगा और अधिकांश नए रेल क्रासिंग की पब्लिक कनेक्टिविटी रेल सड़क मार्ग से जोड़ा जायेगा। बिल्थरारोड में डीएवी कालेज के पास रेल केबिन नंबर 18 और रेल फाटक को पूरी तरह से बंद कर दिया जायेगा। मधुबन रेल केबिन नं. 19 को रेल लाइन के किनारे से दूरी पर शिफ्ट किया जायेगा और इसे रेलवे प्लेटफार्म से केबिन सं. 19 तक रेलवे द्वारा सड़क कनेक्टिविटी जोड़ा जायेगा। कुण्डैल रेल केबिन नं. 17 के रेल क्रासिंग को भी करीब 630 मीटर आगे से नया समपार बनेगा। इसके अलावा किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन पर रेल केबिन (एलसी- लेवल क्रासिग) नं. 26, गोविंदपुर में एलसी 22, बिल्थरारोड में 17 एवं 19, भटनी पिकोल में एलसी 4, लाररोड सलेमपुर के बीच एलसी नं. 14 और 15 को वर्तमान मूल स्थान से अंयत्र शिफ्ट किया जायेगा। जबकि बिल्थरारोड का 18 नंबर एलसी पूरी तरह से खत्म कर दिया जायेगा।
मार्च 2024 तक हो जायेगा निर्माण कार्य पूराः विनोद कुमार शुक्ला
रेल विकास निगम लिमिटेड के मुख्य परियोजना प्रबंधक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि औडिहार भटनी रेल खंड पर चल रहे डबल रेल लाइन और विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास कार्य मार्च 2024 तक पूरा हो जायेगा। जिसके बाद भटनी-औड़िहार रेल खंड पर करीब दस मुख्य रेलवे स्टेशनों पर रेल यात्री सुविधा बढ़ जायेगी और रेलवे स्टेशन का स्वरुप काफी भव्य हो जायेगा। पूरे निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है।



