पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
लखनऊ जा रहे टायर कारोबारी परिवार की कार पलटी, पत्नी की मौत, बेटा समेत 3 घायल


पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : लखनऊ जा रहे टायर कारोबारी परिवार की कार पलटी, पत्नी की मौत, बेटा समेत 3 घायल
बलिया: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। अहरौला थाना क्षेत्र के स्टोन नंबर 204 के पास तेज रफ्तार कार पलटने से 57 वर्षीय उर्मिला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार बेटा और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड निवासी और प्रतिष्ठित टायर कारोबारी अशोक सिंह के पुत्र मानवेंद्र प्रताप सिंह (32 वर्ष) अपनी मां उर्मिला सिंह (57 वर्ष, पत्नी अशोक सिंह) और परिचित राहुल गुप्ता एवं प्रमोद चौरसिया के साथ ब्रेजा कार से लखनऊ जा रहे थे।
जैसे ही कार स्टोन नंबर 204 के पास पहुंची, अचानक सड़क पर कार फिसलकर अनियंत्रित हो गई और पलटकर चारों पहिए ऊपर हो गए। जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही यूपीडा का गश्ती दल मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस से सभी को अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उर्मिला सिंह पत्नी अशोक सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि मानवेंद्र और राहुल का इलाज जारी है। हादसे में कार में बैठे प्रमोद चौरसिया को हल्की चोट आई है।
गुरुवार का दिन बेल्थरारोड के प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार के लिए काला दिन साबित हुआ।
जैसे ही हादसे की खबर बेल्थरारोड पहुंची, पूरे कस्बे में मातम छा गया। प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार पर अचानक टूटा यह दुख का पहाड़ हर किसी की आंखें नम कर गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो रहे हैं और परिजनों का जत्था तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हो गया है।
हादसे की खबर से नगर में शोक की लहर दौड़ गई है।




