बलिया में संदिग्ध सूटकेस में विस्फोटक की आंशका पर हड़कंप, रात आठ बजे हुआ पटाक्षेप
अटैची में भरा है कपड़ा, पहुंचा मालिक

बलिया: जनपद बलिया के बेल्थरारोड रोडवेज पर मिले संदिग्ध सूटकेस में विस्फोटक की आशंका का देर रात पटाक्षेप हो गया। सूटकेस खोजते हुए रात आठ बजे उसका मालिक पहुंचा और गलती से रोडवेज के पास छूट जाने की बात कही। सूटकेस का दावेदार की पहचान उभांव थाना के तुर्तीपार निवासी राजकुमार गुप्ता के रूप में की गई। जो रसोइया का कार्य करता है। बस से कहीं से वापस दोपहर 12 बजे पहुंचा था और जल्दबाजी में सूटकेस उसका छूट गया। दोपहर चार बजे के बाद से संदिग्ध सूटकेस के मालिक की तलाश शुरू की गई। कोई नहीं मिला तो उसमे विस्फोटक होने की आशंका से लोगों की भीड़ जुट गई। जिसके बाद से ही पुलिस संदिग्ध सूटकेस को घेरकर खड़ी रही। सूटकेस के मालिक के मिलने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस ने जांच के बाद सूटकेस को उसे सौंप दिया।

रोडवेज के पास लावारिस अटैची में विस्फोटक की आशंका पर चार घंटे चली जांच
बेल्थरारोड रोडवेज के पास रविवार को लावारिस अटैची मिलने से सनसनी फैल गई। रोडवेज के पास गेट संख्या एक पर बस स्टैंड मेन रोड के किनारे लावारिस अटैची मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते को इस बात की जानकारी दी। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अटैची के आसपास से लोगों को हटाया। मौके पर सीओ शिव नारायण वैस, उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह, सीयर पुलिस चौकी इंचार्ज मदनलाल समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है और अनहोनी की आशंका पर लोगो की भीड़ जुटी हुई है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर अटैची के चारों ओर रस्सी का घेरा बना दिया है। साथ ही अटैची के पास बालू की बोरियां भी रखी गईं हैं। हालांकि देर शाम तक बम स्क्वायड टीम नहीं पहुंची है। जिला मुख्यालय से पहुंची एक टीम ने साहस के साथ उक्त संदिग्ध अटैची को हाथ से सावधानीपूर्वक उठाया और उसके वजन का अंदाजा लगाया। जिसकी सूचना उच्चचाधिकारियो को दी गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है।
सीओ ने की छानबीन, दोपहर 12 बजे से लावारिस पड़ा था सूटकेस
सीओ रसड़ा शिवनारायण वैस ने मौके पर मिले संदिग्ध लावारिस अटैची के बारे में लोगों से जानकारी लेने की कोशिश की किंतु उसे यहां छोड़ने वाले के संदर्भ में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है उक्त सूटकेस सुबह से ही पड़ा है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दूरी बनाने की अपील किया। जिससे पूरे दिन हड़कंप मचा रहा।



