जेठानी ने किया फर्जी हिब्बा, अधिवक्ता समेत 9 पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज
न्यायालय के निर्देश पर उभांव थाना में हुआ मुकदमा

बलियाः जनपद बलिया के उभांव थाना के ससना बहादुरपुर बसहियां गांव निवासी जेठानी ने फर्जी तरीके से हिब्बा लिख दिया। देवरानी के शिकायत पर उभांव थाना में अधिवक्ता समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उक्त कार्रवाई उभांव पुलिस ने बलिया न्यायालय के निर्देश पर किया है। जिससे गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
मामला उभांव थाना के बसहिया गांव का
मामला उभांव थाना बसहियां गांव निवासी विद्यावती देवी पत्नी केदार यादव का है। मामले में उभांव थाना में जेठानी प्रभावती देवी, बैनामादार ऊषा देवी, गिरधारी देवी (पति-पत्नी), अधिवक्ता निर्विकार यादव, रामायादव, शुबांशु शेखर व शशांक शेखर सभी बसहियां निवासी और मारकण्डेय यादव ग्राम महुआतर निवासी समेत नौ लोगों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जिसकी पुलिस ने जांच शुरु कर दिया है।
तीन वर्ष पुराना मामला, दो वर्ष से न्यायालय में विचाराधीन था मामला
मामला करीब तीन वर्ष पूर्व का बताया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि उनके ससुर श्रीराम यादव के दो पुत्र थे। उनकी भसुर स्व. वंशीधर का 1996 में निधन हो गया और भसुर के एकलौते बेटे अवधेश की भी विगत 2009 में मौत हो गया। जिसके बाद बड़ी पुत्रवधू प्रभावती देवी द्वारा संपत्ति बेचने की बात कहे जाने से नाराज ससुर श्रीराम यादव ने चार डिसमिल भूमि को छोड़ अधिकांश भूसंपत्ति को सन 2010 में अपनी छोटे पुत्रवधू विद्यावती देवी के नाम रजिस्टर्ड हिब्बा कर दिया। जिसके खिलाफ जेठानी पहले से न्यायालय में मुकदमा लड़ रही थी। इस बीच ससुर श्रीराम यादव का 2013 में निधन हो गया।
जेठानी ने किया फर्जी हिब्बा
इस बीच जेठानी ने भूमाफियाओं से मिलकर भूसंपत्ति में अपना हिस्सा दिखाते हुए आराजी सं. 707, रकबा 0.506 हे. यानि करीब 4.07 एकड़ का आधा भूभाग गांव के ऊषा देवी पत्नी गिरधारी यादव के नाम विगत नवंबर 2019 में हिब्बा लिख दिया। जिसके खिलाफ वे स्थानीय पुलिस प्रशासन से मदद न मिलने पर बलिया न्यायालय में सितंबर 2020 से मुकदमा लड़ रहे थे। जिसके तहत बलिया न्यायालय के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के पति केदार यादव ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद उनकी न्याय की उम्मीद अब और बढ़ गई है।







