मथुरा से आया सेना के जवान का शव, परिजनों में मचा कोहराम
ब्रेन हेमरेज के बाद इलाज के दौरान हुआ मौत

बलियाः मथुरा हेडक्वार्टर पर तैनात सेना के जवान राकेश पटेल का शुक्रवार को तिरंगे में लिपटा शव भिंडकुण्ड गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी फूलमती देवी और सात वर्षीय पुत्री अर्पिता के करुण विलाप से हर किसी की आंखे भर आई। देर शाम तुर्तीपार घाट पर सरयू नदी किनारे अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान परिजनों समेत उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह, आर्मी सूबेदार कर्मवीर सिंह, नायब सूबेदार शिव कुमार, बीके सिंह, मोती प्रसाद, हरीश गौतम, सुनील गुप्ता, जिपं सदस्य दिनेश यादव रक्षक, हरेराम यादव, रुद्र प्रताप यादव, डॉ सुरेंद्र सिंह, छोटे लाल गुप्ता, यशवंत पटेल सोनू, कृष्ण पटेल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मृतक सेना का जवान राकेश पटेल आर्मी में क्लर्क जीडी पद पर मथुरा में तैनात थे। कुछ दिनों पूर्व ही ड्यूटी के दौरान अचानक ब्रेन हेमरेज की शिकायत पर सेना द्वारा उन्हें दिल्ली वेदांता भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।




