सोनाडीह मंदिर की दिखने लगी भव्यता, जीर्णोद्धार कार्य हुआ तेज
ब्लाक प्रमुख ने किया निर्माण कार्य निरीक्षण, दिए निर्देश

बलियाः जनपद के बेल्थरारोड तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर क्षेत्र की विख्यात मां भगेश्वरी परमेश्वरी सोनाडीह मंदिर का जीणोद्धार कार्य तेजी से जारी है। मंदिर की भव्यता अभी से दिखने लगी है। इस बार नवरात्र में मां परमेश्वरी भगेश्वरी का द्वार पहले से ज्यादा आकर्षक, सुंदर, साफ सुथरा, प्रकाशमय और सुव्यवस्थित दिखेगा।

क्षेत्रपंचायत से हो रहा जीर्णोद्धार कार्य
क्षेत्र पंचायत सीयर द्वारा सोनाडीह मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य तेजी से जारी है। सोनाडीह मुख्य मार्ग से मंदिर तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग का अब तक अभाव था। जिसका जल्द ही इंटरलाकिंग कार्य पूराकर आने जाने की व्यवस्था दुरुस्त की जायेगी। मंदिर के बाहर की दीवार पर नए टाइल्स लगाया जाना है। जबकि मंदिर के सामने का फर्श और आगंतुक कक्ष का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मंदिर के ठीक सामने तीन बड़े सोलर लाइट समेत कुल चार सोलर लाइट लगाएं जा चुके है। साथ ही दो अन्य हाईमास्क टावर लगाया जाना है। मंदिर के पास पेयजल हेतु आरओ प्लांट लगाया है। प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था हो गई है।

ब्लाक प्रमुख ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, दिए निर्देश
विकास खंड सीयर के ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह ने रविवार की देर शाम मंदिर के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को और तेज करने के निर्देश दिया। प्रमुख आलोक सिंह ने बताया कि नवरात्र पूर्व हर हाल में क्षेत्र पंचायत से हो रहे सोनाडीह मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण कर लेना है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों की सफाई के लिए ग्रामिणों को जागरुक होने की जरुरत है। इसके लिए अलग से सफाईकर्मी की तैनाती के लिए भी वे उच्चाधिकारियों से वार्ता करेंगे। ब्लाक प्रमुख के निरीक्षण के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति रही।




