अपनी उपलब्धी बताने के बजाएं राजनीतिक पोस्ट रिट्वीट कर रही उभांव पुलिस
बेल्थरारोड विधायक ने कहा अपने दायित्वों से भटकी उभांव पुलिस

बलिया: यूपी पुलिस के लगभग हर थानों की ट्वीटर एकाउंट संचालित है। जिस पर उस थाना क्षेत्र में पुलिस की उपलब्धि की जानकारी सार्वजनिक की जाती है। जिससे आमजन को पुलिसिया उपलब्धि और सक्रियता से एक मजबूत सुरक्षा का भाव जागृत होता है। किंतु पीएस उभांव बलिया के नाम से उभांव थाना का ट्वीटर एकाउंट इन दिनों सिर्फ राजनीतिक पोस्ट के रिट्वीट के कारण चर्चा में बना हुआ है। ट्वीटर एकाउंट को देखे तो स्पष्ट है कि उभांव पुलिस के पास या तो कोई उपलब्धि ही नहीं है या फिर इस पर जानकारी देने के लिए उनके पास समय नहीं है। लेकिन पीएस उभांव बलिया के नाम से संचालित इस ट्वीटर एकाउंट से बांसडीह की विधायक केतकी सिंह के ट्वीट को खुब रिट्वीट किया जा रहा है। इस पर क्षेत्रीय विधायक हंसू राम ने भी आपत्ति जताया है। कहा कि उभांव थाना पुलिस अपने दायित्वों से भटक गई है। राजनीतिक रिट्वीट से उभांव थानाध्यक्ष का मानसिकता का पता चलता है। जिसके कारण उभांव थानाध्यक्ष से आमजन का विश्वास हटता जा रहा है। ऐसे थानाध्यक्ष के रवैये से पूरे पुलिस फोर्स के कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिंह खड़ा होता है। भीमपुरा के एक आरटीआई कार्यकर्ता सिंहासन चैहान ने उभांव पुलिस के इस रिट्वीट को यूपी पुलिस और डीजीपी को ट्वीटकर प्रश्न किया है कि उभांव थाना के आफिसियल ट्वीटर एकाउंट से एक विधायक के ट्वीट को रिट्वीट करना कहां तक सही है। आपको बता दें कि उभांव थाना के इस ट्वीटर एकाउंट से आखिरी बार 26 जून को नशा मुक्ति जागरुकता अभियान का एक पोस्ट ट्वीट किया गया था और आखिरी बार 21 मई को किसी गिरफ्तारी की जानकारी शेयर की गई थी।

उभांव थानाध्यक्ष का पहले भी विधायक कर चुके है शिकायत
– जनपद से महीनों पूर्व स्थानांतरण के बाद भी जोड़तोड़ की नीति के तहत जमे रहने वाले उभांव इंस्पेक्टर के कार्यप्रणाली का क्षेत्रीय विधायक हंसू राम ने पहले भी शिकायत किया था। विधायक हंसू राम ने बताया कि उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह को लिखित पत्रक भी दिया है। जनपद से महीनों पूर्व स्थानांतरण के बाद भी ये यहां जमे है और इनकी कार्यप्रणाली निपटाई और अव्यवहारिक हो गई है। स्थानांतरण के बाद भी रिलिव नहीं होने से ये मनमाना तरीके से कार्य कर रहे है और अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारी में घोर लापरवाही कर रहे है।





