दुस्साहसी चोरों का गांव में दो रातों से तांडव, ग्रामीणों ने एक को धर दबोचा
सोलर प्लेट लेकर बोलेरो व पिकअप सवार फरार




दुस्साहसी चोरों का गांव में दो रातों से तांडव, ग्रामीणों ने एक को धर दबोचा
सोलर प्लेट लेकर बोलेरो व पिकअप सवार फरार
बलिया: जनपद बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के अखोप गांव में चोरों का दुस्साहस चरम पर पहुंच गया है। लगातार दूसरी रात गांव में घुसे चोरों ने ना केवल मवेशी खोलने की हिमाकत की, बल्कि इस बार चार सोलर प्लेटें चुरा कर फरार होने में भी कामयाब रहे। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब ग्रामीणों की सतर्कता और बहादुरी ने बाइक सवार एक चोर को धर दबोचा गया। यह मामला अब महज चोरी का नहीं, बल्कि स्थानीय पुलिस की लापरवाही और संगठित गिरोह की सक्रियता का सबूत बन चुका है।
यहां मवेशियों के बाद चोरों की अब सोलर प्लेट पर नजर पड़ गई है। गांव निवासी आशुतोष तिवारी उर्फ छन्नू बाबा के घर को चोरों ने इस बार निशाना बनाया। मंगलवार बुधवार की आधी रात के बाद चार कीमती सोलर प्लेटें चुराकर चोर पिकअप और बोलेरो में फरार हो गए। लेकिन इसी दौरान चोरों का एक साथी, जो बाइक पर था, ग्रामीणों की नजर में आ गया। गांव के युवाओं की सक्रियता और तत्परता से चोर को मौके पर ही धर दबोचा गया। बुधवार को 11 बजे पकड़े गए चोर की पहचान प्रवीण कुमार (निवासी सरजापुर) के रूप में हुई है। उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। लेकिन अब तक पुलिस उसके गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है।
स्कार्पियो सवार चोरों का कहर: दो दिन में दो बार धावा, बकरी चोरी और बुज़ुर्ग को रौंदा, सपा नेता बबन यादव आगबबूला!
गांव में दहशत का माहौल, पुलिस पर उठे सवाल
गांव में इन दिनों चोरों का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। सोमवार की रात जहां स्कार्पियो सवार चोरों ने गांव में घुसकर दो बकरियां चुरा लीं, वहीं मंगलवार की रात को भी चोरों के गिरोह ने एक बार फिर गांव को निशाना बनाने की कोशिश की। लगातार दूसरे दिन चोरी की कोशिश ने गांववासियों में दहशत भर दी है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि सोमवार की रात बकरी चोरी के दौरान जब गांव निवासी मिट्ठू साहनी (55) ने विरोध किया, तो उन्हें चोरों ने स्कार्पियो से कुचलने की कोशिश की और फरार हो गए। मिट्ठू साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सपा नेता बबन यादव ने पुलिस प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, “यह साफ तौर पर स्थानीय पुलिस की लापरवाही और शिथिलता का नतीजा है। अगर समय रहते गश्त बढ़ाई जाती, तो चोर इतने बेखौफ नहीं होते। गांव अब सुरक्षित नहीं रहा!”
बबन यादव ने पुलिस से गांव में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है और साथ ही अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो गांववाले आंदोलन को मजबूर होंगे।”



