सावधान रहें: गांव में संदिग्ध ड्रोन का आतंक, 24 घंटे में दो गांवों के ऊपर मंडराया रहस्यमयी ड्रोन
ग्रामीणों में दहशत का माहौल, बदमाशों की साजिश का अंदेशा


सावधान रहें: गांव में संदिग्ध ड्रोन का आतंक, 24 घंटे में दो गांवों के ऊपर मंडराया रहस्यमयी ड्रोन
ग्रामीणों में दहशत का माहौल, बदमाशों की साजिश का अंदेशा
बलिया: मऊ के बाद अब सीमावर्ती बलिया जनपद के बेल्थरारोड क्षेत्र में भी संदिग्ध ड्रोन की हलचल ने लोगों की नींद हराम कर दी है। उभांव थाना क्षेत्र के बिगह जमीन बिगह और सोनापाली गांव में पिछले 24 घंटे के भीतर आसमान में रहस्यमयी ड्रोन उड़ते देखे गए। बिगह प्रधान देवानंद राव ने बताया कि गांव में लगातार दूसरे दिन भी संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे गए है। जो आपराधिक गतिविधियों का नया हथकंडा हो सकता है।
गांव के प्रधान ने आशंका जताई कि बदमाश अब ड्रोन के जरिए रेकी कर रहे हैं और मौका देखकर चोरी, लूट और छिनैती जैसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। आशंका को बल तब मिला जब रविवार की शाम ड्रोन दिखने के कुछ ही घंटे बाद बिगह जमीन बिगह गांव में दो बहनों को रास्ते में बदमाशों ने रोककर मारपीट की और छिनैती का प्रयास भी किया। इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल गहरा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ड्रोन के सहारे बदमाश अब “आंखों से बचकर” गांव का नक्शा तैयार कर रहे हैं। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोग खासे चिंतित हैं। वहीं, पुलिस भी सतर्क हो गई है और ड्रोन के स्रोत का पता लगाने की कवायद तेज कर दी गई है। गांव में अब यह चर्चा तेज है कि अपराधी, तकनीक का सहारा लेकर गांवों को निशाना बना रहे हैं।



