वन विभाग ने की बिना पौधा 260 ब्रिक्स ट्री गार्ड लगाने की खानापूर्ति
बेल्थरारोड में सड़क किनारे दिख रही वन विभाग की बेपरवाही
वन विभाग ने की बिना पौधा 260 ब्रिक्स ट्री गार्ड लगाने की खानापूर्ति
– बेल्थरारोड में सड़क किनारे दिख रही वन विभाग की बेपरवाही





बलिया: हरियाली बढ़ाने के नाम पर वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगाए गए ब्रिक्स ट्री गार्ड (पौधों के लिए ईंट की बनी सुरक्षा क्यारी) बेमतलब साबित हो रही है। वन विभाग ने बिना पौधा लगाए ही जनपद बलिया के बेल्थरारोड क्षेत्र के मधुबन मार्ग, चौकियां मोड़, ईमिलिया मार्ग के पीडब्लूडी सड़क किनारे दोनों तरफ ब्रिक्स ट्री गार्ड बनवा दिया है। अधिकांश ब्रिक्स ट्री गार्ड के स्थान चयन का सुपरविजन तक नहीं किया गया है। क्षेत्र में कुल करीब 260 ब्रिक्स ट्री गार्ड बनाए गए हैं और अधिकांश में पौधे नहीं है। कई के स्थान चयन में घोर बेपरवाही बरती गई है और उसके रख रखाव का कोई ख्याल नहीं रखा गया है। जिसके कारण कूड़े के ढेर में ही ब्रिक्स ट्री गार्ड बनवा कर इसकी खानापूर्ति कर दी गई है। जबकि गुणवत्ता विहीन निर्माण के कारण कुछ बनने के साथ ही टूटने भी लगे है। जो चर्चा का विषय बना हुआ है। इमलिया रोड पर कूड़ा के ढेर पर बने नए ब्रिक्स ट्री गार्ड में पौधा न होने के कारण मोहल्लेवासी कूड़ा फेंक रहे है। हालांकि तहसील के समीप और एसडीएम आवास के पास बनाए गए ब्रिक्स ट्री गार्ड में पौधा लगाया गया है। यानी विभाग ने अधिकारियों के समक्ष अपने कार्य की गुणवत्ता का प्रमाण देने का भरपूर ख्याल रखा है लेकिन नगर और मुख्य मार्ग पर बने ब्रिक्स ट्री गार्ड भगवान भरोसे है। वन विभाग के रेंजर शशि कुमार ने बताया कि कुल करीब 260 ब्रिक्स ट्री गार्ड का निर्माण कराया गया है। जिनमें जल्द ही। पौधा लगाया जाएगा। हालांकि उन्होंने इसके निर्माण में खर्च लागत बताने से इंकार कर दिया।



