पूर्व सांसद ने सीएम से मिलकर की शिकायत तो बलिया में मचा हड़कंप
दस साल से लंबित है खारिज दाखिल का मामला










पूर्व सांसद ने सीएम से मिलकर की शिकायत तो बलिया में मचा हड़कंप, दस साल से लंबित है खारिज दाखिल का मामला
बलिया: घोसी के पूर्व सांसद, पूर्व कारागार मंत्री और बलिया जनपद के बेल्थरारोड के मूल निवासी हरिनारायण राजभर ने शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। जिसके बाद शनिवार को बलिया जनपद के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
डीएम के निर्देश पर थाना समाधान दिवस से पहले ही एसडीएम जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। जिसके कारण क्षेत्र के उभांव और भीमपुरा थाना में समाधान दिवस पर कोई भी मजिस्ट्रेट नहीं रहे। मामला पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर के बैनामा की भूमि का पिछले 10 साल से खारिज दाखिल नहीं होने का है। जिसके निस्तारण की मांग करते हुए पूर्व सांसद ने सीएम को लिखित ज्ञापन सौंपा।
पूर्व सांसद ने शनिवार को दूरभाष पर बताया कि उनके द्वारा बैनामा की गई भूमि का दस साल बाद भी अधिकारियों की लापरवाही के कारण अब तक खारिज दाखिल नहीं हो सका है। उन्होंने अपने पुत्र देवनन्दन, अटल कुमार और रजनीश के साथ ही अपनी पत्नी मेवाती के नाम से सोनाडीह गांव में 10 वर्ष पूर्व भूमि बैनामा कराया लेकिन अब तक इसका खारिज दाखिल नहीं किया गया।
पूर्व सांसद के इस शिकायत पर कार्रवाई के लिए लखनऊ से बलिया को निर्देश मिलते ही अधिकारियों के कान खड़े हो गए। जिसका मामला बेल्थरारोड तहसीलदार न्यायालय में विगत करीब 10 वर्ष से लंबित है। जबकि खारिज दाखिल जैसे कार्य को न्यूनतम समय में करना और धारा 34 के लंबित मामलों का निस्तारण, सरकार के प्राथमिकता में है।


