तमंचे के बल पर अगवा कर पिलाया जहर, हाथ बांधकर बनाया वीडियो
जांच में जुटी उभांव पुलिस









बलिया में सनसनी:
पिता के हत्यारोपी ने युवक को तमंचे के बल पर अगवा कर पिलाया जहर, हाथ बांधकर बनाया वीडियो, जांच में जुटी उभांव पुलिस
बलिया: जनपद बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में बुधवार को फिल्मी अंदाज में वारदात हुई। फरसाटार गांव के पास नहर किनारे पिता के हत्यारोपी बदमाशों ने जितेंद्र कुमार ग्राम भुआरी निवासी युवक को तमंचे के बल पर उठाया, हाथ बांधकर जमकर पिटाई की और जहरीला पेय पिलाकर मारने की कोशिश की। यही नहीं, युवक का वीडियो बनाकर उसके बड़े भाई नागेंद्र कुमार को व्हाट्सएप पर भेजकर खौफ फैलाने की साजिश रची। मामला पुराने हत्या मुकदमे की पैरवी न करने की धमकी से जुड़ा है।
उभांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को सीयर सीएचसी में भर्ती कराया और जांच में जुट गई है। गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित के भाई नागेंद्र कुमार ने उभांव थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है और बुधवार की पत्रकारों के समक्ष पूरी घटना की जानकारी देकर न्याय की गुहार लगाई है।
नहर किनारे अचेत हालत में मिले युवक के बड़े भाई नागेंद्र कुमार ने पत्रकारों के समक्ष दावा किया कि “सितंबर 2024 में पिता ब्रजभान राम की हत्या करने वाले हैवान अब पूरे परिवार का सफाया करने पर आमादा हैं!”
पिता की हत्या का मुकदमा अभी अदालत में लंबित है, जिसमें तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपी हैं। नागेंद्र का आरोप है कि आरोपी, पैरवी रोकने के लिए खुलेआम धमका रहे हैं, दहशत फैलाने के लिए छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया और पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी है। आरोप लगाया कि पुलिस उनका सहयोग नहीं कर रही है जिसके कारण पूरा परिवार खतरे में है।


