8 जुलाई को बलिया में होगा ‘कानूनी महाभारत’
वकार अहमद प्रकरण पर गरजेंगे अधिवक्ता!, डीएम-एसपी से होगी सीधी दो टूक वार्ता




8 जुलाई को बलिया में होगा ‘कानूनी महाभारत’
वकार अहमद प्रकरण पर गरजेंगे अधिवक्ता!, डीएम-एसपी से होगी सीधी दो टूक वार्ता
बलिया: जनपद बलिया में बेल्थरारोड के चर्चित अधिवक्ता वकार अहमद पर दर्ज नामजद मारपीट मुकदमे ने अब तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण में अधिवक्ताओं का आक्रोश अब सीमाओं को लांघकर जिला मुख्यालय तक पहुँच गया है। 8 जुलाई को बलिया में जिले भर के अधिवक्ता इकट्ठा होकर न्याय की हुंकार भरेंगे।
अधिवक्ताओं की यह “कानूनी क्रांति” सिर्फ विरोध तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि डीएम और एसपी से सीधी और दो टूक वार्ता कर अधिवक्ता वकार अहमद के लिए न्याय की मजबूत पैरवी होगी। इस पूरे आंदोलन की कमान अब संघर्ष समिति ने अपने हाथ में ले ली है, जिसके अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव हैं। वहीं बेल्थरारोड तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष शौकत अली और मंत्री दिनेश राजभर इस आंदोलन को ऊर्जा दे रहे हैं।
क्रिमिनल एंड रिवेन्यू बार एसोसिएशन बलिया के सभागार में होगा यह ऐतिहासिक अधिवक्ता सम्मेलन, जिसमें देवेंद्र मिश्रा (अध्यक्ष, क्रिमिनल एंड रिवेन्यू बार एसोसिएशन बलिया), देवेंद्र दुबे (अध्यक्ष, सिविल बार एसोसिएशन बलिया), राजेश कुमार श्रीवास्तव (अध्यक्ष, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन बलिया) भी शामिल होंगे। साथ ही जनपद के सभी तहसीलों के अधिवक्ता संगठन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन अध्यक्ष शौकत अली ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि “यह लड़ाई सिर्फ वकार अहमद की नहीं, बल्कि अब पूरे अधिवक्ता समाज के गरिमा की है।” इससे पहले अधिवक्ताओं ने बेल्थरारोड तहसील में जोरदार धरना-प्रदर्शन कर माहौल को गर्म कर दिया। बताया कि 8 जुलाई को बलिया का अधिवक्ता समाज, न्याय और सम्मान की लड़ाई के लिए एकजुट होगा और ज़िले की प्रशासनिक व्यवस्था को यह स्पष्ट संदेश देगा कि “यदि वकालत पर वार हुआ, तो चुप नहीं बैठेंगे !”


