बीजेपी कार्यकर्ता पर बलिया में मुकदमा दर्ज होने से पार्टी में आक्रोश
बेल्थरारोड के बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने कहा सपा कार्यकर्ताओं के इशारे पर काम कर रही उभांव पुलिस
बीजेपी कार्यकर्ता पर बलिया में मुकदमा दर्ज होने से पार्टी में आक्रोश
बेल्थरारोड के बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने कहा सपा कार्यकर्ताओं के इशारे पर काम कर रही उभांव पुलिस





बलिया: जनपद बलिया के उभांव थाना अंतर्गत फरसाटार गांव में कोचिंग से लौट रहे किशोर नीरज गोंड की बेरहमी से पिटाई मामले में कार्रवाई के लिए पैरवी करने वाले भाजपा कार्यकर्ता पर मुकदमा दर्ज होने पर बुधवार की शाम पार्टी में आक्रोश व्याप्त हो गया। बीजेपी के सीयर मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि उभांव थाना पुलिस ने फरसाटार निवासी बीजेपी के शक्ति केंद्र संयोजक समीर मौर्य और बूथ अध्यक्ष दीपक राजभर पर मंगलवार को रात में मारपीट की धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया है। इसके खिलाफ उन्होंने आंदोलन करने की चेतावनी देते हुए जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी और पार्टी कार्यकर्ता पर हुए मुकदमा को समाप्त करने एवं दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बताया कि पार्टी के शक्ति केंद्र संयोजक समीर मौर्य की गलती सिर्फ इतनी है कि उसने गांव में कोचिंग से घर जा रहे किशोर नीरज गोंड और बूथ अध्यक्ष दीपक राजभर को दबंगों द्वारा बेरहमी से पीटे जाने का विरोध किया और इसके लिए पार्टी के मंडल अध्यक्ष के साथ उभांव थाना में जाकर कार्रवाई की मांग किया था। आरोप लगाया कि मामले में उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक ने पहले खुद ही पंचायत कराने का दबाव बनाया लेकिन विपक्ष के अड़ियल रवैए के कारण जब समझौता नहीं हो सका तो पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता एवं पीड़ित पर ही फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया। इस मौके पर बेल्थरारोड मंडल अध्यक्ष अरुण तिवारी भी मौजूद रहें।



