
बलियाः जनपद बलिया के बेल्थरारोड तहसील में चैनपुर टंगुनिया गांव के पास सरयू द्वारा हुए तेज कटान की स्थिति देखने के लिए शनिवार को एसडीएम दीपशिखा सिंह ने तटवर्ती इलाकों का दौरा किया। एसडीएम ने चैनपुर और टंगुनिया के पास कटानरोधी ठोकरों की स्थिति को देखा और हाहानाला पर बढ़ते सरयू के दबाव का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर ठोकर के समीप बन रहे बंबू क्रेट का भी निरीक्षण किया और कटानरोधी कार्य को तेज करने के निर्देश दिए।

एसडीएम के साथ तहसीलदार भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ओपी पांडेय भी मौजूद रहे। चैनपुर गुलौरा के पास सरयू किनारे कटानरोधी पांच ठोकर बनाएं गए है। इनमें दो ठोकर का नोज पूरी तरह से सरयू के तेज लहरों में बह गया। साथ ही हाहानाला किनारे कटान तेजी से जारी है। जिसे रोकने के लिए बाढ़ खंड द्वारा यहां बंबू क्रेट बनाया जा रहा है।




